पत्थर खिसकने से दंपति घायल

अर्की (सोलन)। अर्की उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग के नावां गांव में हुए भूस्खलन के मलबे तथा भारी भरकम पत्थर की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो लोग बाल बाल बच गए हैं। घायलों को अर्की स्थित नागरिक चिकित्सालय में उपचार के लिए पहुंचाया गया लेकिन एक्सरे मशीन ठीक नहीं होने के कारण चोटों से हुए नुकसान का पता नहीं लगाया जा सका है। एसडीएम एलआर वर्मा ने विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं ।
उधर, हादसे का शिकार हुए नावां गांव के गरजा राम ने स्वयं आपबीती सुनाते हुए कहा कि शुक्रवार को जब वे अपनी पत्नी सीता देवी सहित रसोई घर में खाना खाने के लिए बैठे ही थे कि अचानक एक भारी भरकम पत्थर उनकी रसोई की दीवार तोड़ता हुआ आधा अंदर तक घुस गया। इसकी चपेट में आने के कारण उन्हें तथा उनकी पत्नी को गहरी चोटें पहुंची। अचानक हुए हादसे के चलते चट्टान का मलबा तथा पत्थर गिरने से उन्हें सूझ ही नहीं पाया कि क्या हो रहा है। पत्थर इतना बड़ा था कि करीब सौ मीटर पीछे चट्टान से खिसक कर रसोई तथा बाथरूम की दीवारें तोड़ता हुआ आधा अंदर घुस गया जिसके प्रहार से रसोई की शेल्फें टूट गई जिसकी चपेट से खाना खा रही उनकी पत्नी को पीठ तथा बाजू आदि में गहरी चोटें लगी और वह मलबे में दब गई। शोर मचाने पर एकत्र हुए लोगों ने पति-पत्नी को बाहर निकाला तथा अर्की स्थित नागरिक चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार करवाया। प्रभावित गरजा राम ने बताया कि पंचायत प्रधान तथा हल्का पटवारी को भी घटना की सूचना दे दी है लेकिन सायं तक प्रभावितों का हाल पूछने कोई नहीं पहुंचा था।
उधर, एसडीएम एलआर वर्मा ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के आदेश दे दिए गए हैं ।

Related posts