पटरी पर नहीं लौटी परिवहन सेवा

सांगला (किन्नौर)। जिले में भारी बर्फबारी से पटरी से उतरी परिवहन सेवा सामान्य नहीं हो पाई है। जिले के तीनों ब्लाकों की सभी पचास सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप है। इससे लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में 17 जनवरी को हुई भारी बर्फबारी से नेशनल हाइवे समेत सभी संपर्क सड़कें बंद हो गई थीं। अभी तक केवल एनएच ही स्पीलो तक बहाल हो पाया है। इससे आगे एनएच कौरिक तक बंद है। जबकि पूह, कल्पा और निचार ब्लाक की सभी 50 लिंक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। कहीं सड़कों पर भारी बर्फ जमी है, तो कहीं फिसलन के कारण बसें नहीं जा रही हैं। निचार, बरी, छोटा कंबा, वांगतू, काफनू, चगांव, उरनी, किल्बा, शौंग, कड़छम, सांगला, चांसू, बटसेरी, रकछम, छितकुल, रल्ली, पुरबनी, कल्पा, दुन्नी, रोधी, पांगी, रिब्बा, रिस्पा, खादरा, आकपा, रारंग मूरंग, जंगी, ठंगी, लंबर, लिप्पा, आसरंग, स्पीलो, कानम, लाबरंग, नेसंग, रोपा वैली, पूह, डुबलिंग, नमज्ञा, खाब, नाको, हांगो, चुलिंग, लियो, यंगथंग, चांगो, शलखर, सुमरा आदि ग्रामीण सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप है। यातायात ठप होने से लोगों को बाजार आने और घर जाने में भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं। पथ परिवहन निगम रिकांगपिओ के अड्डा प्रभारी धनीराम ने बताया कि रिकांगपिओ से सिर्फ लंबे रूटों पर बसें जा रही हैं। शेष संपर्क सड़कों पर बस सेवा बंद है। लोनिवि कल्पा के एक्सईएन एसपी नेगी और एक्सईएन भावानगर बीएस मेहता ने बताया कि 22 सड़कों से बर्फ हटा दी गई है। शेष 28 ग्रामीण सड़कों की बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इन सड़कों पर सोलह मशीनों समेत करीब 400 मजदूर काम कर रहे हैं। सीमा सड़क संगठन के ओसी एचआर वनराज ने बताया कि पूह से आगे एनएच को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

Related posts