पंजाब से अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़

चुवाड़ी (चंबा)। भटियात उपमंडल में पंजाब से तस्करी करके लाई जा रही अवैध शराब के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब की 288 बोतलें बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ककीरा कस्बे में दबिश देकर अवैध शराब का कारोबार करने वाले व्यक्ति को उसके किराये के कमरे में रखी अवैध शराब के साथ पकड़ा है। एसपी जगतराम ने बताया कि कालाफाट निवासी विरेंद्र कुमार पुत्र गांधों राम ककीरा में दुकान करता है व ककीरा में ही किराये के कमरे में रहता है। पुलिस ने छापेमारी करके उसके किराये के कमरे में अवैध तौर पर रखी गई अंग्रेजी शराब की 288 बोतलों के साथ उसे रंगे हाथों पकड़ा है। इस भारी मात्रा में अवैध शराब के कारोबार की गुप्त सूचना मिलते ही चुवाड़ी पुलिस टीम ने ककीरा में दबिश दी। थाने के
कार्यकारी एसएचओ होशियार सिंह की अगुवाई में हेड कांस्टेबल श्याम लाल, देसराज व राम चंद की टीम ने रेड किया तो मौके पर 24 पेटी अवैध शराब पाई गई। यह शराब पंजाब से तस्करी करके लाई गई बताई जा रही है। अवैध शराब की इस खेप में केवल पंजाब में सेल किए जाने की मोहर भी लगी है। इससे साफ हो गया है कि पंजाब के जिले के साथ सटे इलाकों से अवैध तौर पर शराब की तस्करी करके इसे हिमाचल में खपाया जा रहा है। अवैध शराब की तस्करी के तार पंजाब के साथ जुड़ने के कारण पुलिस के लिए इस मामले की तह तक पहुंचना लाजिमी हो गया है। फिलहाल पुलिस ने अवैध शराब के कारोबारी को मौके पर गिरफ्तार करके हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट की धारा 39(1) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts