
कुल्लू। पंचायत अनुबंध सचिवों ने लंबे समय से लंबित मांगें सिरे नहीं चढ़ने का दुखड़ा कुल्लू दौरे के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा को सुनाया। 14 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने पर पंचायत सचिवों (अनुबंध) सहायकों ने नियमित न करने की नीति न बनाए जाने पर भारी रोष व्यक्त किया। सचिवों का कहना है कि 2007 में उन्हें पूर्णकालिक घोषित कर दिया गया तथा मासिक मानदेय भी बढ़ाकर 2340 रुपये कर दिया। 2009 में पंचायत सहायक से पंचायत सचिव अनुबंध पदनामित कर दिया तथा वर्तमान में इसी पद पर रहते हुए सरकार द्वारा दी गई जिम्मेवारियों को वे ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। लेकिन, 14 वर्ष बीत जाने के बाद भी सचिव (अनुबंध) तथा पंचायत सहायकों को नियमित नहीं किया जा रहा है। सचिवों ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा से नियमितीकरण की गुहार लगाई है। सचिवों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि नियमित नहीं किया किया तो मजबूरन कलम छोड़ हड़ताल पर उतरेंगे। इस अवसर पर सचिव अनुबंध सहायक संघ मोहर सिंह, लाभ सिंह, प्रेमी देवी, पुष्पा देवी, मीरा ठाकुर, अमृता राज लक्ष्मी, किशन सिंह, जोगीनाथ, रामलाल, ज्ञान सिंह, दुन्नी चंद, कृष्णा, चित्रा, रमा, अमिता, उर्मिला, बबली, कविता, पूजा आदि सचिव उपस्थित रहे।
