
शिमला। नेशनल आइस स्केटिंग की मेजबानी में हिमाचल ने हैट्रिक लगाई है। इस वर्ष भी चैंपियनशिप हिमाचल में होगी। राजधानी के लक्कड़ बाजार आइस स्केटिंग रिंक में 3 से 5 जनवरी को प्रतियोगिता होगी। लगातार दो बार सफल मेजबानी के लिए अब तीसरा मौका मिला है। आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने इसके लिए हरी झंडी प्रदान कर दी है। इससे पहले एसोसिएशन की ओर से देश भर के स्केटरों के लिए अभ्यास शिविर भी लगाया जाएगा। यह 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक जारी रहेगी।
आइस स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा शिमला आइस स्केटिंग क्लब के महासचिव भवनेश बांगा और कोषाध्यक्ष राजन भारद्वाज ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शिमला आइस स्केटिंग क्लब लगातार तीसरी बार स्पर्धा की मेजबानी करने जा रहा है। प्रतियोगिता में स्पीड और फिगर स्केटिंग मुकाबले होंगे। बीते वर्ष की तरह इस बार भी गुजरात, महाराष्ट्र, हैदराबाद, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित दूसरे राज्यों के स्केटर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि शिमला क्लब अब तक छह बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता करवा चुका है।
—
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कार्निवाल होगा
शिमला आइस स्केटिंग क्लब दिसंबर अंत में कार्निवाल भी करवाने जा रहा है। इसमें स्केटर रंग बिरंगे परिधानों में फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में वार्षिक जिमखाना भी होगा। इसमें शिमला के स्केटरों के लिए प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
—
बर्फ जमाने की तैयारियों पर बादल फेर रहे पानी
शिमला के ऐतिहासिक आइस स्केटिंग रिंक में पिछले करीब एक सप्ताह से बर्फ जमाकर रिंक को तैयार करने की कोशिश की जा रही है। तापमान के बार-बार बढ़ने से इस पर पानी फिर रहा है। सोमवार रात को शून्य से नीचे गए तापमान के कारण रिंक में भरे गए पानी से मैदान का कुछ हिस्सा जमना शुरू हुआ। सुबह आसमान में छाए बादलों से जमी बर्फ पानी बन गई। तापमान के बार बार बढ़ने के कारण रिंक में बर्फ नहीं जम पा रही है।
