नेता बनाए नहीं जाते, इनका निर्माण होता है

पालमपुर (कांगड़ा)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद शांता कुमार ने कहा कि हम सबको मिलकर पार्टी को मजबूत करना होगा। कांग्रेस परिवारवाद की पार्टी बन गई है। कांग्रेस में गांधी परिवार के ही नेता बन रहे हैं। नेता बनाए नहीं जाते, नेताओं का निर्माण होता है। अब राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए आगे किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस में प्रणब मुखर्जी प्रधानमंत्री बनने के योग्य हैं।
भाजपा के स्थापना दिवस पर पालमपुर में उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना 33 साल का कार्यकाल बेहतर तरीके से निभाया। देश की जनता को बेहतर सुशासन पहले भी भाजपा ने दिया है। आने वाले लोकसभा चुनावों के बाद भी देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अब तक की सभी सरकारों से भ्रष्ट सरकार है। देश आज संकट के चौराहे पर खड़ा है। एक तरफ महलों की रोशनी चमक रही है, दूसरी तरफ गरीब की झोंपड़ी में गरीबी सिसक रही है। उन्होंने कहा कि चीन के शक्तिशाली बनने से भारत हर ओर से घिर रहा है। केंद्र सरकार मूकदर्शक की भूमिका निभा रही है। इससे पहले पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीण कुमार ने कहा कि पालमपुर में भाजपा को फिर से बूथ स्तर पर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोकसभा चुनावों को जुट जाएं।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी, महामंत्री मान सिंह ठाकुर, रामप्रसाद, महिला मोर्चा अध्यक्ष शोेभापुरी, भाजयुमो अध्यक्ष डीआर ठाकुर, डा. ममता, स्वराज बाली, नंद लाल चौधरी, सुदेश राणा, सुरेंद्र ठाकुर, राजेंद्र सिन्हा, संजय वालिया, कश्मीर चंदेल, कैप्टन श्यामलाल, सुमित्रा चंदेल, अजय और अजेश अवस्थी भी मौजूद थे।

Related posts