निचार में सेब पर माइट-स्कैब का हमला

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के निचार ब्लॉक में सेब माइट और स्कैब रोग की चपेट में आ गया है। फसल के एक साथ दो रोगों की चपेट में आने से बागवानों की चिंता बढ़ गई है। फसल को रोग से बचाने के लिए बागवानों ने विशेषज्ञों से सलाह मांगी है।
निचार ब्लॉक के निचार, बरी, सुंगरा, पौंडा आदि पंचायत में सेब बगीचों में माइट और स्कैब फैल गया है। अजय कुमार, अनिल, जोगेंद्र, कृष्ण, कपिल, जगदेव, रामलाल, प्यारे लाल, दिनेश, दिलाराम और संझा राम आदि बागवानों ने उद्यान विभाग के विशेषज्ञों से इन रोगों पर नियंत्रण पाने के लिए सलाह मांगी है। बगीचों में माइट, स्कैब रोग अभी पहली स्टेज पर है। इसलिए, इस पर अभी नियंत्रण पाया जा सकता है। बचाव में देर करने पर फसल खासी प्रभावित हो सकती है। इससे बागवानों को हजारों का नुकसान होगा। उद्यान विकास अधिकारी सूर्य कुमार ने बागवानों को सलाह दी है कि स्कैब की रोकथाम के लिए डोडीन डेढ़ सौ ग्राम को दो सौ लीटर पानी में घोलकर बगीचों में स्प्रे करें। माइट के लिए मैजिस्टर पचास ग्राम की मात्रा को दो सौ लीटर में मिलाकर स्प्रे की जा सकती है। अगर पत्ते झड़ने की समस्या है तो वेबस्टीन सौ ग्राम को दो सौ लीटर पानी में मिलाकर स्प्रे करें।

Related posts