निकाले मजदूर बहाल न हुए तो होगा संघर्ष

पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि मजदूर संघ ने विवि प्रशासन से निकाले गए मजदूरों को वापस काम पर रखने की मांग की है। संघ ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मजदूरों को बहाल नहीं किया तो वह संघर्ष शुरू कर देंगे।
संघ का कहना है कि निकाले गए मजदूरों को ठेकेदारी प्रथा में न रखा जाए। इसे लेकर कृषि विवि दैनिक वेतन भोगी मजदूर संघ की एक बैठक प्रधान अनिल राणा व उपप्रधान राजेश चौहान की अध्यक्षता में हुई। इसमें साफ कहा गया कि विवि में निकाले गए 9 मजदूरों को वापस नौकरी पर रखा जाए। लेकिन इन मजदूरों को ठेकेदारी प्रथा में न रखा जाए। प्रधान अनिल व उपप्रधान राजेश ने कहा जिन मजदूरों ने कृषि विवि में 10 से 12 साल तक नौकरी की है। उन मजदूरों को किस आधार पर निकाला गया। जबकि विवि में एक महिला ने आठ साल तक नौकरी की है, उसे कैसे नियमित किया गया। इन्होंने कहा कि जब मजदूरों ने विवि प्रशासन से अपना हक मांगा तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, यह कहां का न्याय है। कहा कि निकाले गए मजदूरों को विवि प्रशासन दोबारा नौकरी पर नहीं रखता है तो मजदूर संघ संघर्ष का बिगुल बजा देगा।

Related posts