
नाहन (सिरमौर)। सोमवार को दोपहर के समय इंद्र देवता बरसे जरू र मगर फीके मन से। बावजूद इसके नाहन वासियों को भीषण गर्मी से कुछ पलों के लिए राहत मिल गई। जिला के ऊंचाई वाले इलाकों में भी सोमवार को मौसम काले बादलों से ढक गया। रिमझिम बरसे मेघों के कारण कामकाजी लोगों, महिलाओं तथा स्कूली छात्राओं को आवाजाही करने के लिए छातों का सहारा भी लेना पड़ा।
सोमवार को हुई छिटपुट वर्षा के चलते शिलाई, रोनहाट, ददाहू, राजगढ़, हरिपुर धार सहित प्रसिद्ध चूड़धार में भी मौसम कुछ पलों के लिए बेहद सुहावना हो गया। मैदानी इलाकों में पिछले 8 दिन से भीषण गर्मी के चलते पहाड़ों पर भी इसका असर दिखने लगा था।
सोमवार को दिनचर्या शुरू होते ही मौसम एक बार फिर गर्म होने लगा था। मगर दोपहर आते आते नाहन तथा आसपास के इलाकों मेें आसमान पर काले बादल छाने लगे। पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह सुकून भरा था। मगर सोमवार को आई वर्षा काफी नहीं थी। पौन घंटे तक रिमझिम फुहारोें के बीच से ही वर्षा वापस चली गई।
स्थानीय निवासी मोहन लाल, श्याम सिंह, रमेश सिंगटा, प्रकाश चंदेल, सरिता शर्मा, आरती ठाकुर, अजय वर्मा आदि ने बताया कि वर्षा नाकाफी है। इससे मात्र गर्म जमीन से उमस पैदा होगी।
