नारकंडा, चौपाल, रोहड़ू सड़कें बहाल

शिमला। ऊपरी शिमला को जोड़ने वाले तीनों मुख्य मार्गों पर परिवहन निगम ने शुक्रवार को बसें भेज कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। ठियोग से चौपाल रूट और ठियोग से नारकंडा तक बस भेजी गई। रोहड़ू के लिए भी बस भेजी। परिवहन निगम ने इस ट्रायल को सफल बताया और शनिवार से इन तीनों रूटों पर दिन की बस सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया है।
परिवहन निगम ने लोक निर्माण विभाग के सड़क को बहाल कर दिए जाने की सूचना के बाद शुक्रवार को सुबह दस बजे शिमला से नारकंडा रूट पर बस भेजी। यह दोपहर करीब एक बजे तक नारकंडा पहुंच गई। बस की शिमला के लिए वापसी भी हो गई। इस रूट पर अभी तक नारकंडा से आगे बारूबाग तक सड़क बस चलाने के लिए सुरक्षित नहीं है। सड़क में फिसलन के साथ ही बस को पास देने के लिए भी जगह पर्याप्त न होेने के कारण फिलहाल निगम ने बस न चलाने का फैसला लिया है। ठियोग से कोटखाई-रोहड़ू मार्ग पर भी परिवहन निगम ने अपनी बस को भेज कर स्थिति का आकलन किया। इस रूट पर भी बस का ट्रायल लगभग सफल रहने की पुष्टि की। खड़ापत्थर में कुछ समस्या पेश आई, मगर बस ट्रायल सफल रहा।
ठियोग से चौपाल के लिए भी परिवहन निगम ने सुबह दस बजे देहा तक बस भेजी जो देर शाम को शिमला लौट आई। चौपाल से देहा तक भी निगम की बस को चलाया गया। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने कहा कि इन तीनों रूटों पर शुक्रवार को बसें भेज कर ट्रायल किया गया जो सफल रहा। यदि सब ठीक रहा तो शनिवार से शिमला से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-22 पर नारकंडा तक दिन की बस सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। शिमला से चौपाल रूट पर देहा तक बस भेजी गई और चौपाल से देहा तक भी निगम की बस चलाई गई। इस रूट पर भी दिन की बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। शिमला रोहड़ू मार्ग भी बहाल हो गया है। इस रूट पर भी दिन के समय बसें चला दी जाएंगी। निगम के तारादेवी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक देवा सेन नेगी ने कहा कि ट्रायल हो जाने के बाद अब सुबह दस से शाम पांच बजे तक लोगों की सुविधा के लिए इन रूटों पर बसें चला दी जाएंगी।

एनएच को नारकंडा ओडी तक खोलने का दावा

शिमला। भारी बर्फबारी के कारण बंद पड़े ऊपरी शिमला को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को लोक निर्माण विभाग एनएच ने शुक्रवार को पूरी तरह खोल दिए जाने का दावा किया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक नारकंडा तक राजमार्ग से बर्फ हटाकर इसे डबल लेन कर दिया गया है। नारकंडा से आगे रामपुर की ओर 12 किलोमीटर की सड़क को सिंगल लेन खोलने के साथ ही देर शाम तक बीच में क्रासिंग प्वाइंट बना दिए जाएंगे। वीरवार को लोनिवि एनएच के अधीक्षण अभियंता बीसी परदेसी और शुक्रवार को मुख्य अभियंता आरएस चौधरी ने स्वयं नारकंडा तक अधिशासी अभियंता पासंग नेगी ने जाकर मार्ग बहाली कार्यों का जायजा लेकर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। अतिरिक्त मशीनरी लगाकर मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य किया गया। यदि विभाग के दावों को सही मानें तो अगले एक से दो दिनों में राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिवहन निगम और निजी बसों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। पासंग नेगी ने बताया कि शुक्रवार को शिलारू तक निगम की बस भेजी गई थी। सड़क पर रेत डालने का कार्य साथ-साथ किया जा रहा है। नारकंडा से ओडी की ओर 12 किलोमीटर और ठियोग से नारकंडा तक सड़क में जमा बर्फ को साफ करने में दिक्कतें जरूर पेश आईं। उनके मुताबिक इस सड़क पर ट्रक और छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। परिवहन निगम चाहे तो इस पर बस का ट्रायल कर सेवाएं शुरू कर सकता है।

Related posts