
सांगला (किन्नौर)। शनिवार देर शाम तक नाथपा से करच्छम तक यातायात बहाल कर दिया गया है। इसके लिए बीआरओ, जेपी और एनएच प्राधीकरण ने कड़ी मशक्कत की। इसके अलावा जिले के करीब 70 फीसदी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
शनिवार शाम तक नाथपा से करच्छम तक सड़क बहाल कर दिया गया है। सड़क को बहाल करने में सीमा सड़क संगठन, एनएच प्राधिकरण और जेपी कंपनी के लोगों ने मिलकर मार्ग बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत की। इसके अलावा शनिवार शाम तक रिकांगपिओ, सांगला वैली, भावा वैली और टापरी सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जबकि, पूह खंड और छितकुल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करना शेष है। इधर, नेशनल हाईवे प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता मोहन मेहता ने बताया कि कड़ी मशक्कत कर नाथपा से करच्छम तक मार्ग को छोटे-बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। इसके लिए बीआरओ और जेपी कंपनी ने संयुक्त रूप में काम कर सड़क को बहाल कर दिया है। इधर, बिजली बोर्ड के एक्सईएन अजीत नेगी ने बताया कि जिला के 70 फीसदी क्षेत्र के लिए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शेष क्षेत्रों के लिए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
बैंक बांट रहा है लोगों को खाना-पानी
सांगला में फंसे सैलानियों के लिए एसबीआई शाखा सांगला और कुपा महिला मंडल ने मिल कर खाना और पानी बांटा। बैंक प्रबंधक आरके शर्मा और महिला मंडल प्रधान विनय कुमारी, उपाध्यक्ष प्रवीन नेगी का कहना है कि सांगला में लोगों की मदद के लिए बैंक के साथ मिल कर खाना बना कर लोगों को बांटा जा रहा है। आरके शर्मा ने बताया कि पहले लोगों को पानी और जूस बांटा गया, जिसके बाद खाना भी दिया गया।
