
नहीं मिली रसोई गैस की सप्लाई
बद्दी (सोलन)। निर्धारित तिथि पर गैस न आने के खामियाजा छह दर्जन पंचायतों के सैैकड़ों लोगों को उठाना पड़ा। शुक्रवार को मधाला और कालूझिंडा में रसोई गैस वितरित होनी थी, वहीं शुक्रवार 15 अगस्त को अवकाश होने के कारण सप्लाई नहीं आई। ऐसे में शनिवार को वितरण की तिथि निर्धारित होने से मधाला और कालू झिंडा में सैकड़ों लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर बैठे रहे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक जब गैस सिलेंडर का ट्रक नहीं पहुंचा। जिससे लोगों को बिना गैस लिए खाली सिलेंडर लेकर वापस मीलों दूर पैदल चल कर घर लौटना पड़ा।
पट्टा नाली पंचायत के खरोटा, जुमलापुर, गुरदास पुर के ओमप्रकाश, कमल चंद, माया दत्त, रामचंद्र और मीरा देवी ने बताया कि वह शुक्रवार को गैस लेने के लिए बरोटीवाला गए थे, लेकिन वहां पर गैस न आने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। शनिवार को मधाला में गैस आने की सूचना पर वह यहां पर भी पहुंचे लेकिन यहां पर भी गैस नहीं आई है। वह दस किलोमीटर सिर पर सिलेंडर रख कर पैदल यहां पर पहुंचे हैं। इसके अलावा मधाला, कुल्हाड़ीवाला, केंबावाला, कालू झिंडा, कोटियां, शेरा, कलरांवाली आदि गांव के दर्जनों लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर 12 बजे तक सड़क के किनारे बैठे रहे। जब सिलेंडर नहीं पहुंचा तो विभागीय अधिकारियों को संपर्क किया। अधिकारियों ने अगले शुक्रवार को गैस भेजने की बात कही जिसके बाद लोग खाली सिलेंडर लेकर अपने घरों को रवाना हुए। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति नियंत्रक यादवेंद्र पाल ने बताया कि लोगों की शिकायत मिलते ही गैस एजेंसी के संचालकों को स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया था। वहीं गैस एजेंसी के संचालक मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त को अवकाश होने के चलते निर्धारित दिन शुक्रवार को गैस नहीं पहुंच पाई। शनिवार को किसी दूसरे स्थान पर गैस भेजना जरूरी था जिसके चलते मधाला गैस नहीं भेज पाए। इस बारे में लोगों को पहले ही अवगत करवा दिया गया था। अब अगले शुक्रवार को गैस भेजी जाएगी।
