नशे में धुत युवकों ने दंपति को धुना

शक्तिफार्म। नशे में धुत जिप्सी सवार चार युवकों ने बाइक सवार दंपति से अभद्रता और मारपीट कर दी। आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए। युवकों के साथ दो युवतियां भी थीं। युवतियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले रखा है।
शनिवार की शाम जगतारपुर निवासी काला सिंह अपनी पत्नी विमला कौर के साथ बाइक से घर की ओर जा रहा था। पीछे से आ रही जिप्सी संख्या-यूपी32एन-4788 में सवार नशे में धुत चार युवकों ने बाइक सवार महिला पर अभद्र टिप्पणी कर दी। विरोध करने पर चारों युवक और उनके साथ मौजूद दो युवतियों ने दंपति से मारपीट शुरू कर दी। शोरगुल सुन आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर जिप्सी की घेराबंदी की।
इस बीच मौका पाकर दो युवक फरार हो गए। पुलिस ने दबोचे गए दोनों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया। उन्होंने अपना नाम ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर निवासी समीर विश्वास और जसविंदर सिंह बताया। इधर, काला सिंह ने पुलिस से जिप्सी सवार युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों युवकों का चालान कर दिया। चौकी इंचार्ज एमएम जोशी ने बताया कि हिरासत में ली गई युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

Related posts