नगर परिषद रामपुर में शामिल होंगे तीन नए चेहरे

रामपुर बुशहर। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब नगर परिषद में भी नामित पार्षद बदलेंगे। रामपुर नगर परिषद में तीन पार्षदों की नियुक्ति होनी है। ऐसे में इन पदों पर काबिज होने के लिए इच्छुक लोगों ने लाबिंग शुरू कर दी है। सूत्रोें के अनुसार इनमें से कुछ तो हॉलीलाज तक भी पहुंच चुके हैं।
नगर परिषद रामपुर में पूर्व सरकार ने तीन नामित पार्षद नियुक्त किए हैं। इनमें मनोज अग्रवाल, श्याम मेहता और पवन बंसल शामिल हैं। अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन चुकी है तो इन पार्षदों का हटना तय है। प्रदेश में जिस दल की सरकार होती है, नामित पार्षद भी उसी के होते हैं। नामित पार्षद पदों के लिए इच्छुक लोगों ने भी लाबिंग शुरू कर रही है। ये लोग हिमाचल में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद से ही इन पदों के लिए अपनी-अपनी गोटियां फिट करने में लगे हुए हैं। विजेश गोयल, पंकज बराड़, अजय शर्मा, आनंद नेगी, कृष्ण खिंगटा, अनिरुद्ध बिष्ट और जयंत अग्रवाल आदि नामित पार्षदों की दौड़ में बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन पदों पर किनकी नियुक्ति होनी है, यह तो सरकार ही तय करेगी। इन तीन पार्षदों के आने से नगर परिषद में कांग्रेेसियों की संख्या बढ़ जाएगी।
वर्तमान में तीन नामित पार्षदों के साथ यहां भाजपा के पार्षदों की संख्या छह है। इनके हटने के बाद भाजपा के पार्षद सिर्फ तीन ही रह जाएंगे। कांग्रेस की ओर से तीन नामित पार्षद आने पर परिषद में कांग्रेसियों की संख्या नौ हो जाएगी।

Related posts