नगर के एक तिहाई हिस्से में बिजली कटौती

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय की एक तिहाई आबादी को शनिवार को पूरे पांच घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग ने बिजली की लाइन में नई केबल लगाने का काम शुरू किया है। इस कारण आज दोपहर 12 बजे से सिल्थाम, नया बाजार और हाईडिल कालोनी इलाके की बिजली काट दी गई। बताया गया है कि ग्रिड से रोजाना दो घंटे की नियमित कटौती हो रही है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर हो रही कटौती से लोग खासे परेशान हैं। जाड़ों के सीजन में बिजली कटौती को लेकर लोगों में गुस्सा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक ओर विभाग के अधिकारी पिथौरागढ़ में बिजली कटौती न होने का दावा करते आ रहे हैं दूसरी ओर दिसंबर में तो कटौती ने सारी सीमाएं पार कर दी। विभाग स्थानीय स्तर पर कोई न कोई खामी बताकर कटौती करता जा रहा है। आज दोपहर से मुख्य आंतरिक लाइनों में नई केबल डालने का काम शुरू हुआ। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नगर क्षेत्र में नई लाइन बिछाई जानी है। जिन इलाकों में काम चलेगा वहां पर बिजली की रोस्टिंग की जाएगी।

Related posts