दो दिन से अपने लाडले की तलाश में परिजन

आनी (कुल्लू)। आईटीआई कुल्लू में शिक्षा ग्रहण कर रहे निहाल सिंह का अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। निहाल सिंह भी उसी बस में सवार होकर आनी आ रहा था जो नगवाईं के पास हादसे का शिकार हो गई। इसमें आनी क्षेत्र के ग्यारह लोगों की जान चली गई, लेकिन इसी बस में सवार होकर आनी आ रहे निहाल सिंह का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
आउटर सिराज के करीब 11 शवों का दाह संस्कार कर दिया गया है। जबकि, अभी भी कुछ लोगों के लापता होने की खबर है। आनी खंड के बिश्लाधार निवासी बनैल गांव का एक आईटीआई का छात्र भी उस बस में सवार होकर अपने घर आ रहा था। उसके दोस्त के अनुसार आईटीआई छात्र निहाल सिंह (22) भी इसी बस में कुल्लू में सवार हुआ था। घर वालों को जब सूचना मिली कि उनका बेटा इस बस से घर आ रहा था तो परिवार वाले अपने इकलौते बेटे की तलाश में दुर्घटना स्थल पर रवाना हो गए। दो दिन तक नदी किनारे तलाश के बाद भी निहाल सिंह नहीं मिला। इससे उसका पूरा परिवार सदमे में है। रिश्तेदार प्रताप का कहना है कि निहाल सिंह आईटीआई में छात्र था और कुल्लू से घर आ रहा था। उन्होंने कहा कि घर में माता-पिता और एक 18 साल की बहन और एक शादीशुदा बहन उसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Related posts