
कांगड़ा/संसारपुर टैरेस। जिले में दो ट्रक हादसों के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है। पहला हादसा कांगड़ा के गंगभैरो गांव के नजदीक हुआ। दूसरा हादसा संसारपुर टैरेस के गुलाबधार कोटला के पास हुआ। पुलिस ने दोनों हादसों के संदर्भ में केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पहले हादसे के अनुसार कांगड़ा के गंगभैरो के नजदीक 84 वर्षीय बुजुर्ग अमर सिंह स्थानीय निवासी पैदल चल रहे थे कि सड़क पर उन्हें एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर खड़े लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया। एंबुलेंस में घायल बुजुर्ग को टांडा मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव परिजनाें को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अपने काम से बाजार की ओर जा रहे थे। थाना प्रभारी मोहिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में संसारपुर टैरेस के गुलाबधार कोटला के पास एक ट्रक ड्राइवर की ट्रक के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। सुरजीत सिंह पुत्र किशन सिंह (45) निवासी वनगढ़ ऊना ट्रक को सीमेंट से लोड कर संसारपुर टैरेस आ रहा था।
इसी दौरान गुलाबधार कोटला के पास ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई। इसे देखने के लिए ड्राइवर गाड़ी के नीचे देखने लगा कि इतने ट्रक न्यूटल हो गया व चालक उसकी चपेट में आ गया। ट्रक लोड होने के कारण ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में चालक का भाई भी आराम कर रहा था। जैसे ही उसने ट्रक को बिना चालक के चलते देखा तो उसने गाड़ी को कंट्रोल कर सड़क के किनारे रोक दिया। इस बीच चालक सुरजीत सिंह टायर के नीचे आने से बुरी तरह से घायल हो गया था। भाई रतन सिंह ने घायल को ट्रक में डालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया मगर चालक ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
ढगवार में दो घरों के ताले टूटे
कांगड़ा। ढगवार के समीप त्रैमला गांव में चोरों ने दो घरों के ताले तोड़ दिए। थाना प्रभारी मोहिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि शकुंतला देवी के घर के ताले टूटने की शिकायत पुलिस को मिली है। पुलिस को दी गई शिकायत में उसने बताया कि 75 हजार के गहने चोरी हुए हैं। पुलिस के अनुसार एक अन्य मकान जिसके ताले टूटे हैं उसका मालिक बाहर गया हुआ है। पुलिस ने मकान मालिक को सूचना दे दी है। मालिक के आने के बाद ही चोरी का पता चल पाएगा। पुुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
