देहरा में केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा पुलिस को केबल काटने वाले एक गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गिरोह ने काफी समय से पुलिस की नाक में दम कर रखा था और इलाके से केबल चोरी की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं।
पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने मंगलवार तड़के व्यास नदी किनारे खड्ड में आग जलती हुई देखी। इसकी जानकारी तुरंत देहरा पुलिस को दी गई। उस समय देहरा पुलिस की एक टीम गश्त पर थी। पुलिस की एक टीम मौके के लिए रवाना हो गई। व्यास पुल के निकट खड्ड में गिरोह के दो लोग केबल को पिघलाने का काम कर रहे थे। उनका एक सदस्य शेष केबल को दूसरी जगह ले जाने के लिए वाहन का बंदोबस्त करने गया हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें घेर लिया और दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। थोड़ी देर बाद तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस तीनों आरोपियों भरत सिंह पुत्र बिजेंद्र सिंह, नंद लाल पुत्र बहादुर लाल और प्रेम सिंह पुत्र रामदीन निवासी जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) को थाने ले गई।
इससे पूर्व इस गिरोह ने व्यास पुल से गुजर रही बीएसएनएल और केबल आपरेटर की केबल वायर को काट लिया था। इसे भी गिरोह के लोग खड्ड में पिघलाकर तांबा निकालने की फिराक में थे। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है। पुलिस ने इन आरोपी व्यक्तियों से सात किलो तांबा बरामद किया है। वहीं बीएसएनएल को चार लाख के नुकसान का अनुमान है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। देहरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से गिरोह के तीन लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

Related posts