देहरा अस्पताल का दर्जा नहीं घटाया : सुधीर

धर्मशाला। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने पूर्व मंत्री एवं विधायक रविन्द्र सिंह रवि के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कांगड़ा के साथ भेदभाव संबंधी रवि के बयान को हास्यास्पद एवं तथ्यों से परे करार दिया। कहा कि कांगड़ा जिला में आज तक जो भी विकास सुनिश्चित हुआ है, वह कांग्रेस एवं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। शर्मा ने कहा कि रविंद्र रवि देहरा अस्पताल के नाम पर लोगों को गुमराह करके अपना राजनैतिक स्वार्थ सिद्ध कर रहे हैं। जबकि इस सरकार ने इस अस्पताल का दर्जा कम नहीं किया है और न ही इस संबंध में सरकार ने कोई अधिसूचना जारी की है।
सुधीर ने यहां जारी बयान में रवि से पूछा है कि है कि पूर्व भाजपा सरकार के दौरान कांगड़ा जिला में उन्होंने क्या विकास करवाया है और कौन सी बड़ी परियोजनाएं उनके कार्यकाल में कांगड़ा को स्वीकृत की गई हैं। वह जनता को बताएं? वीरभद्र सिंह जब 2003 से 2007 तक मुख्यमंत्री रहे, उस दौरान उन्होंने केन्द्र सरकार से कांगड़ा में केन्द्रीय विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय फैशन तकनीकी संस्थान खोलने के लिए मामला प्रभावी ढंग से उठाकर इसे स्वीकृत करवाया।

Related posts