देश मेरा, मैं देश के लिए’ का संदेश लेकर दौड़े युवा

हमीरपुर। देश मेरा, मैं देश के लिए का संदेश लेकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर बुधवार को हजारों युवाओं ने भारत जागो दौड़ में भाग लिया। स्वामी विवेकानंद सार्द्धशती समारोह समिति के तत्वावधान में प्रदेश के करीब 70 स्थानों पर दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें करीब 30 हजार युवकों, युवतियों और अन्य लोगों ने भाग लिया। समिति के प्रदेश सह संयोजक चेतराम गर्ग ने कहा कि 11 सितंबर 1893 को शिकागो में विश्व धर्म सम्मेलन के दौरान स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक ज्ञान की शक्ति से विश्व का परिचय करवाया था। उनका संबोधन, मार्गदर्शन आज भी प्रासंगिक है। भारत की आध्यात्मिक शक्ति से ही समाज को चुस्त, दुरुस्त और स्वस्थ बनाया जा सकता है। वर्तमान में समाज में घट रही घटनाएं, संस्कारहीन वातावरण, पाश्चात्य अनुकरण का परिणाम हैं। स्वामी विवेकानंद का संदेश समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से 150वीं जयंती वर्ष पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य ध्येय भारत जागो, विश्व जगाओ है। इसी क्रम में भारत जागो दौड़ का आयोेजन किया गया। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में पांच स्थानों, जिला कांगड़ा में 14 स्थानों, मंडी में 16 स्थानों, शिमला में सात स्थानों, सिरमौर में दो , कुल्लू में सात, चंबा में चार, ऊना में तीन , किन्नौर में एक स्थान, सोलन में पांच और बिलासपुर जिला में छह स्थानों पर 11 सितंबर को भारत जागो दौड़ का आयोजन किया गया। शिकागो धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद के प्रथम व्याख्यान के दिन के संदेश को पुन: समाज तक पहुंचाने के मकसद से इस दिन को चुना गया।

Related posts