देश की जनता का गला घोंट रही कांग्रेस : धूमल

मंडी/पंडोह : द्रंग विधासभा क्षेत्र के पनारसा में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता प्रेम कुमार धूमल ने वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे प्रदेश की जनता परेशान हो चुकी है। वीरभद्र सिंह ने जो गुनाह किए हैं उन पर पर्दा डालने के लिए वह दूसरों पर आरोप लगाने में लगे हुए हैं। प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि आखिर क्यों उन्हें प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने इस्पात मंत्रालय से हटाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र ऐसे व्यक्ति से जारी करवाया है जो दिल्ली में सेब की कमीशन खा रहा है।

कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करने के लिए दिल्ली से शीला दीक्षित को बुलाया गया, जो सही मायने में हिमाचल के किसानों तथा बागवानों की सबसे बड़ी विरोधी हैं। शीला ने प्रदेश के बागवानों के अधिकारों का आज तक हनन ही किया है। धूमल ने कहा कि वह वीरभद्र सिंह की ही सरकार थी जिनसे केंद्र के साथ एमओयू साइन किया और सरकारी स्तर पर नौकरियां खत्म कर दी थीं। इस वजह से प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार से वंचित रहना पड़ा था। केंद्र सरकार को आड़े हाथों में लेते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार दोनों हाथों से देश की गरीब जनता का गला घोंटने में लगी है।

कांग्रेस प्रायोजित इस कमर तोड़ महंगाई की वजह से देश का गरीब आदमी भूखा मरने के लिए मजबूर हो रहा है, ऐसे में हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता को सस्ते दामों पर राशन उपलब्ध करवाया। उन्होंने सिलैंडरों से सबसिडी खत्म करने के मामले पर कहा कि कांग्रेस धोखेबाज है और झूठ बोलने में माहिर है। सबसिडी वाले गैस सिलैंडर लोगों को देने बारे उनके घोषणा पत्र में इसका जिक्र तक नहीं है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक समान विकास किया है और किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया है। वीरभद्र पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पर जमीन बेचने का आरोप लगा रहे हैं जबकि प्रदेश की जमीन वीरभद के रिश्तेदारों ने बेची है। हमारी रजवाड़ों की सरकार नहीं है प्रदेश में किसान के बेटे की सरकार है और आगे भी किसानों की ही सरकार बनेगी।

Related posts

Leave a Comment