
काशीपुर। प्रशासन ने पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार शुक्रवार से महाराणा प्रताप चौक से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। दुकानों के छज्जे हटाए। साथ ही नाली के पार पटरी पर पक्की सड़क बना दी। इससे अतिक्रमणकारियों में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। अतिक्रमणकारियों ने अपने बरामदों की चादरें हटानी शुरू कर दी।
शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे एसडीएम डा. आशीष श्रीवास्तव और एएसडीएम डीपी सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल तथा जेसीबी मशीन के साथ महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। जेसीबी मशीन ने आधा दर्जन दुकानों के अलावा स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की नाली पार सड़क तक पडे़ छज्जे हटाए। दुकानों के पटरी खोद एनएच की पटरी पर पक्की सड़क बना दी। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों का 20 दिसंबर तक अतिक्रमण हटाने का समय दिया था। महाराणा प्रताप चौक से अतिक्रमण हटाने के बाद अधिकारी वापस लौट गए। परंतु इस घटना से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। चौक के दूसरी तरफ के दुकानदारों ने नाली से बाहर डाले गए छज्जे स्वयं उखड़वा लिए। सामान भी नाली के बाहर नहीं लगाया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग स्टेशन रोड के दुकानदारों ने सामान नाली के पार सड़क पर नहीं लगाया। मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर दिनभर संशय की स्थिति बनी रही। लोग एकत्र होकर अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम के आने के इंतजार में थे। परंतु टीम बाजार के अंदर नहीं गई। वहीं व्यापारी नेताओं ने भी अतिक्रमण हटाने का विरोध नहीं किया।
एसडीएम डा. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन ने दुकानदारों को अपना अतिक्रमण हटाने के लिए 20 दिसंबर तक का समय दिया था। अब प्रशासन कभी भी कहीं पर भी बिना सूचना के छापा मारी कर अतिक्रमण हटाएगा। नाली के पार सभी छोटी-बड़ी दुकानों का अतिक्रमण हटाया जाएगा।
