दुकानदारों की मनमानी से परेशान हैं श्रद्धालु

लडभड़ोल (मंडी)। चैत्र नवरात्र के दौरान सिमसा माता मंदिर में संतान प्राप्ति का आशीर्वाद लेने आई महिलाओं को यहां कुछ स्थानीय दुकानदारों की मनमानी का शिकार होना पड़ रहा है। महिलाआें का कहना है कि जब उन्हें शारदा माता स्वप्न में फल देती हैं तो उसके बाद कई दुकानदार तीन सौ या पांच सौ रुपये का प्रसाद जबरदस्ती बांटने को विवश कर रहे हैं। पालमपुर से आई सरोज, रचना, बेबी, संध्या, रचना और अन्य महिलाओं ने बताया कि उन्हें माता ने स्वप्न में संतान फल दिया है। जब वह प्रसाद लेने के लिए दुकानों में जाती हैं तो दुकानदार उन्हें जबरदस्ती महंगा प्रसाद खरीदने को विवश कर रहे हैं। रक्कड़ मझेरना और रजोट से आई महिलाओं ने भी ऐसी ही शिकायत की है। वह कई सालों से नवरात्रों के दौरान सिमस माता मंदिर में आ रही हैं। हर बार यहां प्रसाद के नाम पर दुकानदारों द्वारा उन्हें लूटा जा रहा है। महिलाओं को संतान प्राप्त के लिए माता के दरबार में धरना देने के बाद स्वप्न होता है तो वह महिला उठकर बावड़ी के पानी से स्नान करती हैं और फिर अपने सपने को वहां मौजूद महिलाओं को बताती हैं। इसके बाद वह प्रसाद खरीद कर बांटती हैं। युवक मंडल सिमस के प्रधान सूबेदार रमेश जसवाल ने माना कि इस तरह की बहुत शिकायतें उन्हें मिली हैं। पता चला है कि यह धंधा कई सालों से चल रहा है। उन्हाेंने व्यापारियों से अपील की है कि वे किसी के साथ धर्म के नाम पर जबरदस्ती न करें।

Related posts