दिल्ली में आज हिमाचल के प्रत्याशियों पर निर्णय लेंगे कांग्रेस नेता 

दिल्ली में आज हिमाचल के प्रत्याशियों पर निर्णय लेंगे कांग्रेस नेता 

लोकसभा व उपचुनाव में कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतरने के लिए विशेष रणनीति तैयार कर रही है जिस पर आज सहमति बनाए जाने की उम्मीद है

शनिवार दोपहर बाद नई दिल्ली में समन्वय समिति और शाम को स्क्रीनिंग कमेटी मंथन कर केंद्रीय चुनाव समिति को पैनल भेजेगी। केंद्रीय समिति की बैठक दो-तीन दिन में होने की संभावना है। ऐसे में अगले सप्ताह की शुरुआत में प्रत्याशियों की घोषणा होने के आसार हैं। बैठकों में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर व कौल सिंह और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल दिल्ली पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार सुबह नादौन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से बैठक संभावित है। इस बैठक में संभावित प्रत्याशियों के राजनीतिक समीकरणों से उन्हें अवगत करवाया जाएगा। दोपहर को सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल बनाने के लिए गठित समन्वय समिति की बैठक होगी। शाम को पूर्व रेल राज्य मंत्री भक्त चरण दास की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में चार लोकसभा क्षेत्रों और छह विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनाकर पैनल तैयार किए जाएंगे। प्रत्याशियों की घोषणा करने की मंजूरी के लिए प्रस्ताव को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा।

इसके बाद चुनाव समिति की होने वाली बैठक में प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे। संभावित है कि 8 या 9 अप्रैल तक कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों के नामों का एलान हो जाएगा। उधर, मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि शनिवार को लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के टिकट फाइनल करने के लिए दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजे जाएंगे। जल्द टिकटों को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी। कांग्रेस के संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सभी सीटों पर प्रत्याशी चयन को लेकर सहमति बन चुकी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर अंतिम मुहर लगते ही घोषणा कर दी जाएगी।

मंडी संसदीय सीट से प्रतिभा, हमीरपुर से सतपाल रायजादा और विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ से विवेक का नाम तय

मंडी संसदीय सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का दोबारा चुनाव मैदान में उतरना लगभग तय है। हमीरपुर संसदीय सीट से ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए विवेक शर्मा को प्रत्याशी बनाने की तैयारी है। इन तीन प्रत्याशियों को लेकर पार्टी में सहमति बन चुकी है। कांगड़ा संसदीय से पूर्व मंत्री आशा कुमारी व संजय चौहान और शिमला संसदीय सीट से दयाल प्यारी व अमित नंदा के नाम पर विचार चल रहा है। विधानसभा उपचुनाव के लिए धर्मशाला से देवेंद्र जग्गी, गगरेट से राकेश कालिया, कुलदीप कुमार, बडसर से पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, शर्मिला पटियाल, सुजानपुर से राजेंद्र वर्मा, कुलदीप सिंह पठानिया में से प्रत्याशी तय करने को लेकर माथापच्ची जारी है। लाहौल-स्पीति से भाजपा छोड़ने वाले पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा को कांग्रेस प्रत्याशी बनाने की अटकलें हैं।

Related posts