दिल्ली पुलिस की ‘दादागिरि’, हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम

दिल्ली पुलिस की ‘दादागिरि’, हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम

चंडीगढ़: हरियाणा राज्य परिवहन की बसों ने दिल्ली पुलिस की कथित ‘दादागिरि’ और ‘अनुचित ढंग से चालान जारी’ करने के विरोध में आज दिल्ली में प्रवेश करने से इनकार कर दिया। हरियाणा रोडवेज़ कर्मचारी संघ के नेता सरबत पूनिया ने कहा, ‘‘40 लक्जरी वॉल्वो बसों समेत करीब 1000 बसों ने बदरपुर, कुंडली, इफ्को चौक और बहादुरगढ सीमाओ ंके रास्ते दिल्ली में प्रवेश करने से इनकार कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिसकर्मी हरियाणा रोडवेज़ की बसों में मुफ्त में यात्रा करने का दबाव बनाते हैं। इनमें से अधिकतर पुलिसकर्मी हरियाणा के रहने वाले हैं। बस कंडक्टर जब उनसे टिकट के बारे में पूछते हैं तो वे हमारी बसों का चालान काट देते हैं।’’ पूनिया ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के कर्मी प्रतिदिन हरियाणा रोडवेज़ की करीब 100 बसों का चालान काटते हैं। इस विरोध प्रदर्शन के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें यात्रा पर अधिक खर्च करना पड़ रहा है।

पूनिया ने कहा कि उन्हें यात्रियों से सहानुभूति है लेकिन उनके पास विरोध दर्ज कराने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। इस बीच हरियाणा सरकार ने संघ से अपना निर्णय वापस लेने की अपील करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को दिल्ली के अधिकारियों तक पहले ही पहुंचा दिया गया है।

Related posts