दादी-पोती को बेहोश कर लाखों की लूट

शिमला। भट्टाकुफर में किरायेदार बनकर आए एक जोड़े ने मकान मालिक को नशीला केक खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। शातिरों ने चार साल की मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा। उसे भी नशीला केक खिलाकर बेसुध कर दिया। वारदात का पता सोमवार शाम करीब छह बजे चला, जब घर के सदस्य वापस लौटे। घर के भीतर दादी और पोती बेहोश पड़ी थीं। इन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया है। इस सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमा भी सकते में आ गया है।
भट्टाकुफर में चंद्र सिंह ठाकुर का मकान है। यह न्यू शिमला स्थित फूड कारपोरेशन आफ इंडिया में कार्यरत हैं। रोज की तरह परिवार के सभी सदस्य काम पर निकल गए। घर में चंद्र सिंह ठाकुर की पत्नी संधिरा ठाकुर और उनकी चार साल की पोती भव्या ठाकुर मौजूद थी। करीब दो दिन पहले उनके यहां किरायेदार के तौर पर एक युवक और युवती आए थे। अंदेशा जताया जा रहा है इस वारदात के पीछे इन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है। वारदात के बाद से ये संदिग्ध किरायेदार गायब हो गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोपहर करीब बारह बजे संदिग्ध युवती संधिरा ठाकुर के पास पहुंची और अपना जन्मदिन बताकर दादी और पोती को केक खिला दिया। थोड़ी ही देर में दोनों पर बेहोशी छाने लगी। मौका देखकर घर में रखी नगदी करीब तीस हजार और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। दादी के कान से टॉप्स भी शातिर ले गए। इसके अलावा क्या क्या सामान चोरी हुआ है? इस बात की जांच पुलिस कर रही है। उधर, डिप्टी एमएस डा. ललित चंद्रकांत ने कहा कि दोनों की हालत स्थिर है।

Related posts