
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल के तहत दधोल कस्बे में बुधवार सुबह दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक कार में सवार 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दधोल पुल के समीप बुधवार सुबह कार नंबर एचपी-23सी-0431 और एचपी- 69-2561 के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान भाजपा के महासचिव नवीन शर्मा भी दधोल की तरफ जा रहे थे। उन्होंने स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन 75 वर्षीय सुखदेव निवासी दाड़ा चुवाड़ी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं संजीव कुमार अस्पताल में उपचाराधीन है। घुमारवीं अस्पताल के चिकित्सक डा. कृष्णा नंद ने बताया कि घायल संजीव कुमार की हालत स्थिर बनी हुई है। उधर, थाना प्रभारी भराड़ी विजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उधर, क्षेत्रवासी राजीव कुमार, पूूर्व प्रधान बलबंत कमल, कर्म सिंह, राजीव कुमार, राजेश, लेख राम, नंद लाल, गुरूचरण सिंह, प्रकाश चंद, विश्वजीत आदि ने बताया कि इस पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की मौत हो चुकी है।
