तेगूबेहड़ में तहसील का सर्वेक्षण अन्याय : महेश्वर

कुल्लू। हिलोपा प्रमुख एवं कुल्लू सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि भुंतर में खुलने वाले तहसील कार्यालय को तेगूबेहड़ ले जाना जनता के साथ अन्याय और धोखा है। इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। कुल्लू में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए महेश्वर सिंह ने कहा कि जो लोग इस तहसील कार्यालय को भुंतर से तेगूबेहड़ ले जाने को लेकर सर्वेक्षण करवा रहे हैं, वह यहां की 30 पंचायतों की जनता से
अन्याय है।
उन्होंने बताया कि तेगूबेहड़ के सिवाय लोगों के लिए जिला मुख्यालय की तहसील ही सुविधाजनक है। बताया जो तहसील का सर्वेक्षण किया जा रहा है वह खेद का विषय है। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री कुल्लू आए थे तो उसी दौरान उन्होंने भुंतर शहर के साथ ही स्थान देखा था और यहां तहसील खोलने की घोषणा की। तहसील कार्यालय खोलने की घोषणा के लिए लोगों ने सीएम आभार भी जताया है, लेकिन क्षेत्र की जनता के साथ हिलोपा ने भुंतर में ही तहसील कार्यालय खोलने की मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मांग की है। विधायक महेश्वर सिंह ने बताया कि इस बारे मुख्यमंत्री के साथ गंभीर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा विधायक ने बताया कि भुंतर में तहसील कार्यालय, टूरिज्म इन्फार्मेशन कार्यालय और लगवैली में सब्जी मंडी तथा ढालपुर के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने यह मांग पूरी कर दी है।
उन्होंने कहा कि भुंतर के साथ हाथीथान में लेपोरेसी डिस्पेंसरी खोलने का आग्रह भी सरकार से किया जाएगा। इसके अलावा कुल्लू शहर में विकासात्मक कार्यों को तरजीह देने के लिए 23 से 24 करोड़ रुपये का एस्टिमेट केंद्र सरकार को भेजा है। इस मौके पर हिलोपा जिलाध्यक्ष गोपी चंद, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, मीडिया प्रभारी राजेंद्र, तेजा सिंह और तेजिंद्र सिंह मौजूद रहे।

Related posts