
रुद्रप्रयाग। अलकनंदा और मंदाकिनी नदी में जिला प्रशासन की ओर से चिह्नित 10 खनन लॉट में से सिर्फ तीन का आवंटन हो पाया। सात लॉट के लिए किसी ने भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालांकि जिन तीन लॉट के आवंटन हुए हैं, उनकी दोगुनी से तिगुनी कीमत में टेंडर मंजूर हुए हैं।
18 नवंबर को जिला प्रशासन की ओर से नदी तटों से उप खनिज (रेत व पत्थर) चुगान/खनन के लिए विज्ञप्ति आमंत्रित की गई थी। इसमें रुद्रप्रयाग तहसील के नगरासू, चमसिल, शिवानंदी, सांदर, पुनाड़, जवाड़ी, सुमेरपुर, कलना और बनियाड़ी में 10 लॉट के लिए टेंडर मांगे गए। लेकिन जून में आई आपदा में नदियों के भौगोलिक परिक्षेत्र में परिवर्तन के कारण लोगों ने इसमें भाग नहीं लिया। प्रशासन की ओर से पूर्व में चिह्नित लॉट के लिए टेंडर आमंत्रित किए, जबकि उक्त लॉट में कुछ में एकत्रित उप खनिज नदियों में आई बाढ़ में बह गया था। नतीजन सिर्फ बनियाड़ी, चमसिल और कलना लॉट के लिए टेंडर जमा हुए। बृहस्पतिवार को तीनों लॉट के लिए टेंडर खोले गए, जिसमें उच्चतम बोली के आधार लॉट आवंटित किए गए। एसडीएम सदर सीएस चौहान ने बताया कि जिन लॉट में टेंडर नहीं डाले गए, उनमें दोबारा से आवंटन प्रक्रिया चलाई जाएगी।
