तीन दर्जन घरों की छतें उड़ीं

रजेरा/ पुखरी (चंबा)। बारिश के साथ आए तेज तूफान ने जिले में काफी नुकसान पहुंचाया है। कुछ घरों की छतें तक उड़ गई हैं। कुछेक जगहों में घरों में दरारें आई हैं। तूफान से लाखों का नुकसान हुआ है। एक परिवार तूफान से घर ढहने के बाद खुले आसमां तले रहने को मजबूर हो गया है। पटवारी ने रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी है। जिला मुख्यालय के साथ लगती रजेरा पंचायत के संगेड़ गांव में तीन घरों की छतें उड़ गई हैं। वहीं, रजेरा के पास गलू स्थित शिव मंदिर तूफान से क्षतिग्रस्त हो गया है। उधर, इसी पंचायत के थल्ला गांव के रमेश कुमार पुत्र धारो राम का मकान भी ढह गया है। संगेड़ गांव के तिलक राज पुत्र जर्म सिंह के घर की दीवार पर मलबा गिरा है। इससे दीवार अब कभी भी ढह सकती है। पंचायत प्रधान नरेश कुमार ने मौके का मुआयना कर लिया है। वहीं, पुखरी इलाके की आधा दर्जन पंचायतों में भी तूफान ने खूब कहर बरपाया है। ग्राम पंचायत टिकरी, दुला, सिढ़कुंड, झुलाड़ा, कुठेहड़, कंदला, मसरूंड में 20 के करीब घरों की छतें उड़ गई हैं। ग्राम पंचायत टिकरी के गांव धडयाणू में जर्म सिंह, सुरेश कुमार, बासी राम, गांव डेपू में नर सिंह, अनूप कुमार के घरों की छतें उड़ गईं। ग्राम पंचायत दुलाहर के डांड में जयदेई के छह कमरों की छतें उड़ गई हैं। वहीं, जय राम के मकान को भी नुकसान हुआ है। गांव संधी के खेतो राम के मकान को भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा ग्राम पंचायत टिकरी के चमारु राम के घर की छत उड़ गई है। यहां पर पटवारी रत्न चंद कालिया ने मौका कर लिया है। रिपोर्ट तहसीलदार के पास सौंपी जानी है। वहीं, ग्राम पंचायत टिकरी के प्रधान ओम प्रकाश, सिढकुंड के उपप्रधान दिनेश कुमार, दुलार के प्रधान खेतो राम, ग्राम पंचायत झुलाड़ा के प्रधान भगत राम, कुठेड़ की प्रधान लीला कुमारी, कंदला की प्रधान रीता कुमारी ने बताया कि उक्त पंचायतों में तूफान ने काफी कहर बरपाया है। घरों की छतें उड़ गई हैं, कहीं पर दीवारों में दरारें आई हैं। उन्होंने उपायुक्त संदीप कदम से मांग की है कि जल्द ही प्रभावित परिवारों को फौरी राहत दी जाए। उधर, जिला राजस्व अधिकारी एमआर हीर ने बताया कि जिले में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने पर ही नुकसान का पता चल पाएगा।

Related posts