तीन करोड़ से पक्की होगी सड़क

सलूणी (चंबा)। राजकीय मिडल स्कूल से अपग्रेड हुई उच्च पाठशाला सरार का उद्घाटन हो गया है। इसका उद्घाटन शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस की सचिव व स्थानीय विधायक आशा कुमारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उच्च पाठशाला सरार में छह कमरों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा स्कूल को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने स्कूल के दो कमरों के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही स्कूल के छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने पर दस हजार रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि हुट्टा से कुंड तक सड़क पर तारकोल बिछाई जाएगी। इस सड़क को पक्का करने के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विभिन्न विभागों में अधिकारियों के सैकड़ों पर रिक्त रखे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार चरबद्ध तरीके से इन रिक्त पदों को भरेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पीटीए व पैरा टीचर के लिए नीति तैयार की है। पूर्व भाजपा सरकार ने जो पीटीए शिक्षक निकाले थे। उन्हें दोबारा नौकरी पर रखा जा रहा है। केंद्र सरकार देश के गरीब लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा योजना को शुरू कर रही है। इसके तहत लोगों को तीन रुपये किलो चावल, दो रुपये गेंहूं और एक रुपये में मोटा अनाज मिलेगा। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष पवन ठाकुर, पंचायत समिति उपाध्यक्ष धर्म सिंह पठानिया, जिला शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य रमेश ठाकुर, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दर्शन सिंह, युवा मंडल के अध्यक्ष कर्म सिंह, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन डीएस पठानिया, आईपीएच एक्सईएन आरके वर्मा और बिजली बोर्ड के एक्सईएन आरके ठाकुर मौजूद रहे।

Related posts