तहसील कार्यालय में सेंध, दस्तावेज खुर्द-बुर्द

ऊना। तहसील कार्यालय में चोरों ने सेंधमारी कर दो एलसीडी मॉनीटरों पर हाथ साफ कर लिए। तहसील कार्यालय परिसर में स्थित हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने वाली कंपनी के कार्यालय में सेंध लगाते हुए दो मॉनीटर उड़ा लिए हैं। यहां रखी अलमारी को भी खंगाला गया है और दस्तावेज खुर्द-बुर्द किए गए हैं। तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित तहसील एवं निजी कंपनी के कार्यालय से अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चार एलसीडी उड़ा लीं। वारदात का पता सुबह अधिकारियों के कार्यालय पहुंचने पर लगा। तहसीलदार ऊना सुरेश शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि रात को चोरों ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट कार्यालय एवं तहसील रजिस्ट्री कार्यालय से कंप्यूटर की दो-दो एलसीडी चुरा ली हैं। चोरों ने नंबर प्लेट कार्यालय में रखी गोदरेज की अलमारियों को भी खंगाला है, लेकिन अभी तक इसमें से कोई आवश्यक दस्तावेज चोरी होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी वीरेंद्र ठाकुर और डीएसपी सुरेंद्र शर्मा मौके का मुआयना करने पहुंचे। अधिकारियों ने सदर थाना प्रभारी केएल बेरी को मामला दर्ज करके चोरों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए हैं। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि चोरों की तलाश में मुख्यालय समेत निकटवर्ती कस्बों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

Related posts