तनाव मतलब डायबिटीज को बुलावा

चौंतड़ा (मंडी)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग लडभड़ोल के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खुड्डी में मधुमेह सप्ताह के तहत शिविर का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड स्वास्थ्य शिक्षक बीरबल वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में डायबिटीज गंभीर समस्या बन चुकी है। हर सातवें में से एक व्यक्ति डायबिटीज से पीड़ित है।
बीमारी का कारण तनाव, अनियमित आहार, तैलीय पदार्थों का अधिक ग्रहण, जंक फूड, शराब का अधिक सेवन और धूम्रपान शामिल हैं। डायबिटीज के मुख्य लक्षण बार-बार भूख लगना, वजन घटना, बार-बार पेशाब आना, त्वचा में खुजली, धुंधला दिखना, चिड़चिड़ापन और अन्य कारण हो सकते हैं। मधुमेह होने के कई गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इससे अंधापन, दिल का दौरा, किडनी फेल होना, शरीर का कमजोर होना और शरीर में जख्म तक बन जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मधुमेह को नियंत्रित करने और बचाव के लिए कोलस्ट्रोल तथा रक्तचाप को नियंत्रित करना, चिकित्सक की देखरेख और सलाह में दवाईयों का उपयोग करना चाहिए। साथ ही नियमित रूप से व्यायाम, धूम्रपान को छोड़ना, स्वस्थ भोजन के साथ परहेज बढ़िया तरीका है। इस मौके पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार ने पहला, ओम प्रकाश ने दूसरा और संध्या देवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य हरनाम सिंह ने विजेता छात्रों को इनाम भी दिए। इस मौके पर पारा संस्था के रती राम ठाकुर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता रमेश चंद, पार्वती, रोजी कुमारी और स्थानीय लोग भी मौजूद थे।

माता बडेरी मंदिर में मेला आज
चौंतड़ा (मंडी)। पंचायत ढेलू के तहत आने वाले धार्मिक स्थल माता बडेरी में हर वर्ष की भांति इस बार भी शनिवार को मेले का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मेला कमेटी के सदस्य रमेश चंद ने दी। मेले में कुश्ती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

Related posts