
ऊना। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों के यात्रियों से ढाबों में मनमानी वसूली की जा रही है। यात्रियों को निगम द्वारा अधिकृत ढाबों पर 100 रुपये की तीन रोटियां और थोड़ी सी सब्जी मिल रही है। चौथी रोटी यदि किसी ने खाई तो उसे 15 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे। वीरवार रात शिमला से दिल्ली जा रही पथ परिवहन निगम की बस संख्या एचपी-63-5742 में सवार कई यात्रियों के साथ भी ऐसा ही हुआ।
शिमला से ऊना आने के लिए ऊना के शशि पाल, सोहन लाल भी इसी बस में बैठे थे। उन्होंने इस बस में चंडीगढ़ तक का सफर तय करना था। इनके अलावा परिवार सहित दिल्ली के लिए सफर कर रहे राम कुमार, चंडीगढ़ आ रहे अभय कुमार, अनुज कुमार आदि सवार थे। शशि पाल और सोहन लाल ने बताया कि रात को दस बजे बस सनवारा में एक ढाबे पर रुकी। जब यात्री खाना खाने लगे तो यात्रियों को 100 रुपये में थाली में तीन रोटियां और तीन सब्जियां परोसी गईं। सब्जियों की मात्रा काफी कम थी। हर कटोरी में लगभग दो-दो चम्मच सब्जी थी। जब कुछ यात्रियों ने ढाबा संचालक से और रोटी तथा सब्जी मांगी तो जवाब मिला कि और रोटी चाहिए तो पंद्रह रुपये एक्सट्रा लगेेंगे। कहा कि सब्जी की बात मत करो। सब्जी तो मिलेगी ही नहीं। कई यात्री आधा पेट ही खाना छोड़कर उठ खड़े हुए। कई यात्रियों की ढाबा संचालक से तीखी बहस भी हुई। जब बस के परिचालक से यात्रियों ने पूछा तो परिचालक ने जवाब दिया कि यह ढाबा पथ परिवहन निगम की ओर से ही निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को भोजन कराने के लिए अधिकृत है। शशिपाल और सोहन लाल ने कहा कि वे ऊना में आरएम से भी इस घटना की शिकायत करेंगे।
उधर, इस संबंध में जब एचआरटीसी के प्रबंधक निदेशक आरएन बत्ता से बात की गई तो उन्होंने बस का नंबर मांगते हुए कहा कि यह गंभीर मसला है। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी इस घटना को लेकर उनके पास शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। इस ढाबे को निगम की लिस्ट से निरस्त भी किया जा सकता है।
50 रुपये है डाइट
एचआरटीसी के आरएम विनोद लखनपाल ने कहा कि ऊना के ढाबों में 50 रुपये डाइट तय की गई है। पंजाब के कीरतपुर और घनोली में 60 रुपये डाइट है। उन्होंने कहा कि ढाबा संचालकों से जल्द बैठक रखी गई है तथा डाइट की कीमत और घटाने पर विचार चल रहा है।
