डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

कुल्लू। लगवैली निवासी एक व्यक्ति ने क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर उक्त व्यक्ति ने सीएमओ कुल्लू और उपायुक्त कुल्लू से भी मामले की शिकायत की है। लगवैली निवासी दलीप सिंह ने बताया कि उनकी बेटी का 12 अप्रैल को हाथ टूट गया था। 12 अप्रैल को वह अपनी बेटी को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लेकर आए। दलीप सिंह ने बताया कि इस दौरान चिकित्सकों ने उनकी बेटी के हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया। लेकिन उनकी बेटी का हाथ ठीक से नहीं जुड़ पाया और चिकित्सक ने 15 अप्रैल को दोबारा उनकी बेटी के हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया, वह भी सफल नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चिकित्सक ने उन्हें बेटी को इलाज के लिए मंडी ले जाने की सलाह दी। इस पर उन्हें मजबूरन निजी अस्पताल में बेटी का इलाज करवाना पड़ा। दलीप सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में उचित इलाज नहीं होने से उनको आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप लगाया कि चिकित्सक की लापरवाही के कारण उनकी बेटी का सही इलाज नहीं हो पाया। इस संबंध में मामले की शिकायत जिला चिकित्सा अधिकारी सुशील चंद्र के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी से की। उन्होंने शिकायत की प्रति डीसी कुल्लू राकेश कंवर और क्षेत्रीय अस्पताल के एसएमओ कमल कपूर को भी दी। इस संबंध में जिला चिकित्सा अधिकारी कुल्लू सुशील चंद्र ने बताया कि वह इस मामले से सीएमओ कुल्लू को अवगत करवाकर क्षेत्रीय अस्पताल के एसएमओ को मामले की जांच करने के लिए कहेेंगे।

 

Related posts