डेढ़ दर्जन सड़कों पर पहिये जाम

कुल्लू। रोहतांग दर्रा सहित राजमार्ग-11 औट-लुहरी सड़क भले ही छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दी गई हो, लेकिन जिले में करीब डेढ़ दर्जन मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं। इन मार्गों पर छह दिन से निजी वाहनों सहित निगम की बसों की सेवाएं ठप पड़ी हैं। इसके चलते ग्रामीण इलाकों का जनजीवन पटरी पर नहीं लौट सका है। बर्फबारी के बाद जिला के ग्रामीण इलाकों की रफ्तार थम गई है। भारी बर्फबारी से जिला कुल्लू में बंद करीब तीस मार्गों में से अभी तक आधे मार्गों को ही खोला गया है। छह से 12 इंच बर्फ से अटे पड़े गांव के लोगों का बिना सड़क शहर से पूरी तरह संपर्क कट गया है। जिले में भारी बर्फबारी से बाह्य सराज आनी-निरमंड मेंचार तथा बंजार, कुल्लू और मनाली क्षेत्र में लगभग एक दर्जन मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं। एचआरटीसी कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शर्मा ने कहा कि भारी हिमपात से औट-लुहरी, आनी-रोहाचला, बागीपुल-जाओं, बागीपुल-बागासराहन, निरमंड के पंद्रह-बीस क्षेत्र के संपर्क मार्गों के अलावा बंजार घाटी के बंजार-छतरी, बंजार-गाड़ागुशैणी, बंजार-खौली सहित कुल्लू-व्यासर, नग्गर-जाणा, मनाली-कोठी, कुल्लू-मलाणा, मनाली-गुलाबा, कुल्लू-तेलंग, कुल्लू-चतराणी आदि सड़क ों पर बस सेवा बंद है। उधर, लोनिवि कुल्लू के अधीक्षण अभियंता ललित भूषण ने कहा कि विभाग सड़कों को बहाल करने में जुटा है
बाक्स:
छोटे वाहनों के लिए खुला जलोड़ी दर्रा
कुल्लू। 10281 फुट ऊंचा जलोड़ी दर्रा छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है। शुक्रवार सुबह दस बजे के बाद दर्रा से होकर छोटे वाहन गुजरे हैं। लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद औट-लुहरी मार्ग खोल दिया है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ रहा तो अगले दो-तीन में बस सेवा को शुरू किया जा सकता है। उधर, दर्रा के छोटे वाहनों के लिए बहाल होने से बाह्य सराज की सवा लाख आबादी ने खुशी जाहिर करते हुए लोनिवि का आभार जताया है।

Related posts