डीएनए टेस्ट को फिर लिए 12 लोगों के सैंपल

अंब (ऊना)। कलरूही मर्डर केस में महिला के ब्यान से आए नाटकीय मोड़ के चलते पुलिस ने एक बार फिर नए सिरे से मामले की तफ्तीश आरंभ कर दी है। 12 मार्च 2012 को 12 वर्षीय छात्रा के साथ दुराचार और फिर उसके मर्डर की वारदात से लेकर अब तक लगभग 4 बार इस केस की तहकीकात को नए सिरे से आरंभ किया जा चुका है। नतीजा अभी भी शून्य पर ही टिका है। अब अंब पुलिस ने उसी शादी में उपस्थित 12 लोगों का ब्लड सैंपल लिया है।
सोमवार को लिए गए इन सैंपलों से फिर डीएनए टेस्ट किए जाएंगे। इससे आरोपी के जल्द पकड़े जाने की संभावना बढ़ गई है। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि महिला की ओर से चिह्नित युवकों की मोबाइल की लोकेशन की जांच भी की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले का सबसे बहुचर्चित रेप एवं मर्डर केस अभी तक रहस्य बना हुआ है। हालांकि, पुलिस ने हर पहलू पर गौर कर कदम उठाए हैं। फिर भी जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आरोपी 11 माह से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि सोमवार को 12 लोगों का ब्लड सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर ही कुछ खुलासा हो पाएगा।

Related posts