डिब्बे के साथ तोली जा रही मिठाई

भराड़ी (बिलासपुर)। जिला प्रशासन ने अधिसूचना जारी करते हुए खाद्य पदार्थों के दाम निर्धारित किए हैं। लेकिन, शायद प्रशासन के यह आदेश महज अधिसूचना जारी करने तक ही सिमट कर रह गए हैं। जिला में विभिन्न उत्पादाें के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। अब मिठाइयों को ही लें तो तमाम मिठाइयां डिब्बों के साथ तोलकर दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को मोटा चूना लग रहा है। नियमानुसार डिब्बे के साथ मिठाइयां नहीं तोली जा सकती। हैरत यह है कि सब जानते हुए भी अधिकारियों को शिकायत का इंतजार है।
बिलासपुर जिला में दुकानदारों द्वारा मनमाने दाम बसूल कर ग्राहकों को जमकर चूना लगाया जा रहा है। उपायुक्त द्वारा तय किए गए खाद्य वस्तुओं के दामों से ज्यादा वसूली हो रही है। बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल में तो मिठाइयां डिब्बों में तोलकर सरेआम बेची जा रही है। मिठाई का खाली डिब्बा भी मिठाई के साथ ही तोला जा रहा है। इससे 10 रुपए तक का चूना लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। इलाके के गोपाल दास, कश्मीर, चमन, सुनील, सुरेश, पंकज, विकास व कृष्ण सिंह ने कहा कि मिठाई के खाली डिब्बे की कीमत जहां मात्र तीन से छह रुपये तक रहती है। जबकि मिठाई के साथ तोलने पर ग्राहकों को दस रुपए तक का चूना लग रहा ह। घुमारवीं के अलावा भराडी, दधोल, निहारी, बधाघाट, डंगार, लदरौर, भगेड, कुढेडा के साथ-साथ साथ लगते बरठीं बाजार में भी ऐसा ही दिखने को मिल रहा है। उधर, अन्य पदार्थों के दाम भी अधिक वसूले जा रहे हैं। चाय तक सात से आठ रुपए में बिक रही है। ठंडा भी प्रिंट रेट से दो से पांच रुपये महंगा बिक रहा है। ढाबों के खाने में भी उपायुक्त द्वारा निर्धारित दामों से अधिक की वसूली हो रही है। मापतोल विभाग के सहायक नियंत्रक जिया लाल कैंथ का कहना है डिब्बे के साथ मिठाई तोलना गलत है। इस बारे में शिकायत आती है तो बिभाग कार्रवाई करता है।

Related posts