
चंबा। चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे जिला चंबा के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला में 19 एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती करने के आदेश जारी किए हैं। जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों को तैनात करने की मांग भी पूरी हो जाएगी। इस बाबत स्वास्थ्य विभाग ने लिखित आदेश जारी कर दिए हैं और इसकी अधिसूचना जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पास पहुंच चुकी है।
इससे जिले के हजारों लोगों को फायदा होगा और इन स्वास्थ्य संस्थानों के दायरे में आने वाले मरीजों को उपचार मिल सकेगा। बताते चलें कि जिला के स्वास्थ्य संस्थानों में लंबे अरसे से चिकित्सकों की कमी चल रही है। चिकित्सकों के करीब तीन दर्जन पद रिक्त चल रहे हैं। लोगों को उपचार करवाने में मुश्किलें पेश आ रही थी। जिले की जनता और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सरकार से कई बार चिकित्सकों को तैनात करने की मांग कर चुके थे। सरकार और विभाग ने जिला में चिकित्सकों की कमी को मद्देनजर रखते हुए जिला की जनता के साथ हित में फैसला लिया है। हालांकि अब देखना यह है कि जिला में कितने चिकित्सक ज्वाइन करते हैं।
इनसेट
जनजातीय क्षेत्र की भी ली सुध
जिला में भेजे गए 19 चिकित्सकों में से क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में पांच, चुवाड़ी में तीन, होली में दो, किलाड़ में दो, भरमौर में एक, तीसा में एक, झज्जाकोठी में एक, जसौरगढ़ में एक, मांदा में एक, चूड़ी में एक और साहू में एक चिकित्सक की तैनाती होगी। जनजातीय क्षेत्र किलाड़ व होली में दो-दो चिकित्सकों को तैनात करने के आदेश जारी कर सरकार ने जनजातीय क्षेत्र के लोगों को भी राहत प्रदान की है।
कोट
चिकित्सकों के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात करने के बारे में आदेश प्राप्त हुए हैं। इसमें चिकित्सकों को जल्द ज्वाइन करने की बात कही गई है। स्वास्थ्य विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डा. राकेश वर्मा ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार जिला में 19 चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। जल्द चिकित्सक स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी ज्वाइनिंग देंगे।
– डा. अशोक गुप्ता, सीएमओ
