
डलहौजी (चंबा)। डलहौजी के सहारा संगठन की ओर से आयोजित गोपाल सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में डलहौजी इलेवन ने बकरोटा क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हराया। सोमवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में बाथरी पंचायत के पूर्व प्रधान तथा हिमाचल प्रदेश गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य हेमराज बैरी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थिति हुए। हेमराज ने कहा कि स्व. गोपाल सिंह समाजसेवी और परोपकारी व्यक्ति थे, जिन्होंने बेहतर समाज निर्माण में अपना अविस्मरणीय योगदान दिया। उनके द्वारा स्थापित सहारा संगठन उनके आदर्शों पर चलकर समाज को जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मुख्य अतिथि ने आयोजकों को 1100 रुपये सहायतार्थ भेंट किए, वहीं प्रतिभागी टीमों को बधाई दी। केंद्रीय तिब्बतियन विद्यालय ग्राउंड में खेले गए खिताबी मुकाबले में टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए बकरोटा क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 12 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाए। जवाब में उतरी डलहौजी इलेवन ने 11 ओवरों में पांच विकेटों के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में डलहौजी इलेवन ने धूडासप्पड़ को और बकरोटा क्रिकेट क्लब ने लक्कड़ मंडी को हराया। प्रतियोगिता में बस्तीकुट सन राइज, राजपूत लोहाली और सहारा क्रिकेट क्लब टीमों ने भाग लिया। खिताबी मुकाबले में 23 रन बनाने और दो विकेट चटकाने के लिए अनुज कुमार को मैन आफ द मैच दिया गया, जबकि प्रतियोगिता में सात विकेट हासिल करने वाले बकरोटा क्रिकेट क्लब के अनूप कुमार, शृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित हुए। मंजीत कुमार तथा धर्मपाल को श्रेष्ठ अंपायर, जबकि विक्रम सिंह और राजू को श्रेष्ठ सहयोगात्मकता सम्मान दिया गया। इस अवसर पर केंद्रीय तिब्बती विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार सिंह, वाईडी शर्मा, देसराज शर्मा तथा सूरज सिंह को विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। संगठन से संरक्षक तथा गोपाल सिंह के पिता हाको राम ने मुख्य अतिथि को शाल तथा टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर केवल सिंह, दिनेश कुमार, कमलेश कुमार, विक्की राज, जसपाल, बंसीराम, सतीश कुमार, जीवन कुमार, राहुल, सन्नी तथा संजीव कुमार उपस्थित रहे।
