
सिहुंता चंबा। ब्लॉक सिहुंता स्थित मोतला-काथला, थुलेल-गोला मार्ग और लिंक रोड बसोलदा बारिश के कारण अवरूध हो गए हैं। इन मार्गों पर जगह-जगह से डंगे गिर गए हैं। इसके अलावा कई जगह सड़क पूरी तरह से नाले में बह गई है। इस कारण इन सड़कों पर लगभग एक सप्ताह तक यातायात बहाल होने की संभावना नहीं है। जानकारी के मुताबिक गोला के पास भारी मात्रा में भूस्खलन हो गया है। इस कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया है। इस कारण इस मार्ग को ठीक करने में काफी समय लग सकता है, वहीं मोतला-काथला मार्ग पर जगह-जगह सड़क धंस गई है। इसके अलावा इस मार्ग पर कुछ जगह डंगे भी ढह गए हैं। इस कारण इस मार्ग को भी ठीक करने में काफी समय लग सकता है। मार्ग अवरूध होने से लगभग आधा दर्जन के करीब पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अशोक कोंडल ने बताया कि इन मार्गों की बारिश के कारण हालत काफी दयनीय हो गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही मौसम साफ होता है मार्ग को ठीक करवाने के लिए जेसीबी व लेबर भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग एक सप्ताह के भीतर मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।
