
होली (चंबा)। जीएमआर के बजोली-होली हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की न्याग्रां स्थित डैम साइट में हाल ही में बनाया गया डंगा गिरने से एक मजदूर महिला की मौत हो गई है। यह महिला छत्तीसगढ़ की लेबर के साथ थी। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे जब वह प्रोजेक्ट साइट पर हाल ही में बनाए गए डंगे के पास मौजूद थी तो अचानक भूस्खलन से यह डंगा गिर गया और सीमा देवी (21) पत्नी दीपक भैया निवासी वीपीओ चकला थाना चांदवा, जिला तिहार छत्तीसगढ़ इसकी चपेट में आ गई। डंगे के पत्थरों के साथ सीमा ढलान से लुढ़कती हुई रावी नदी में जा गिरी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना तुरंत होली स्थित पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। देर शाम सात बजे तक पुलिस कार्रवाई जारी थी और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी होली लाया गया है। डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हादसा किसकी गलती से हुआ है, यह बात जांच में ही सामने आ पाएगी। उधर, पता चला है कि कंपनी ने डैम साइट पर जो डंगे लगाए हैं, उनके नीचे नमी होने के कारण वे कमजोर हो गए हैं। साथ ही मक फेंके जाने से भी इनके गिरने का खतरा बना रहता है। कंपनी के जीएम एचआर कप्लेश ने बताया कि जो डंगा गिरा है, उसका काम दस दिन पहले ही पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अचानक भूस्खलन से यह हादसा हुआ है। छानबीन की जा रही है।
