
चंबा। सिल्लाघ्राट के पल्यूर गांव में हाई वोल्टेज के तांडव का कारण बिजली सप्लाई की लाइन पर 11 हजार वोल्ट की सप्लाई लाइन टूट कर गिरना रहा है। शनिवार रात को हुए हादसे में ग्रामीणों को समझ नहीं आ रहा था कि एक दम वोल्टेज कैसे आई। सुबह एसडीएम चंबा बचन सिंह और पुलिस के जांच दल सहित बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने मौके पर जाकर देखा तो पता चला कि पल्यूर गांव से कुछ दूरी पर बिजली की सप्लाई लाइन पर होई वोल्टेज लाइन गिरी हुई थी। इस कारण बिजली की सप्लाई एक दम हजारों वोल्ट बढ़ गई। यहां हैरानी की बात यह है कि इस कारण गांव को बिजली सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर नहीं जला। इस कारण हाई वोल्टेज सीधे पल्यूर और गणजी गांव के करीब सौ घरों में पहुंच गई। इस कारण जिसने भी बिजली के स्विच या अन्य उपकरण पर हाथ लगाया वो ही इसकी चपेट में आ गया। अगर अन्य ग्रामीणों ने भी यह गलती की होती तो कई और ग्रामीण इसकी चपेट में आ सकते थे। एसडीएम चंबा ने बताया कि उन्होंने मौके का दौरा कर घटना स्थल का निरीक्षण किया है। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस ने वीडियो रिकार्डिंग भी की है। एसडीएम बचन सिंह ने बताया कि हादसे के शिकार लोगोें के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर दस-दस हजार रुपयेे की राशि मुहैया करवा दी गई है।
क्या कहना है विभाग का
विद्युत बोर्ड के एक्सईएन एमएल शर्मा ने बताया कि 11केवी की सप्लाई लाइन का इंसूलेटर टूटने से यह लाइन 240 वोल्ट की सप्लाई लाइन पर गिर गई। उन्होंने कहा कि ऐसा हादसा बहुत ही कम होता है। ऐसा होने से ट्रांसफार्मर भी जल जाना चाहिए था, मगर ऐसा नहीं हुआ। जिससे 11केवी सप्लाई सीधे घरों में पहुंच गई। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने लाइन को ठीक कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी है।
