ट्रक-कार में टक्कर, छह घायल

बिलासपुर। शहर में कालेज चौक से कुछ आगे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर के समय एक ट्रक व कार की भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की इस टक्कर में कार में सवार सभी छह लोग घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनमें से चार को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कालेज चौक से कुछ आगे आईपीएच व विद्युत बोर्ड के कार्यालय के पास एनएच-21 पर रविवार दोपहर के समय एक कार व ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार में सवार झंडूता के मुकड़ाणा निवासी मंजीत, उनकी पत्नी रीना तथा बेटियों काजल व मुस्कान के साथ ही नालागढ़ की सिमरन व बड़ी बिल्लौर के शिव कुमार घायल हो गए। सभी लोग लक्ष्मी नारायण मंदिर में किसी की शादी का कार्यक्रम निर्धारित करने के बाद घर वापस लौट रहे थे।
लोगों ने 108 एंबुलेंस के आने से पहले ही कालेज चौक में खड़े आटो रिक्शा संचालकों रामपाल सहगल, मामदीन, सुरेंद्र राणा व मनीष कौंडल ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को बड़ी मुश्किल से गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया। प्राथमिक उपचार के बाद रीना, काजल, मुस्कान व सिमरन को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। मंजीत व शिव कुमार जिला अस्पताल में ही उपचाराधीन हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts