
टौणी देवी (हमीरपुर)। बारिश के कहर को कच्चे भवन नहीं झेल पा रहे हैं। इसके चलते दो मकान और दो गोशालाएं ध्वस्त हो गईं। पंचायतों ने प्रशासन से प्रभाविताें को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार ख्याह लोहाखरियां पंचायत के धंगोटा गांव में दो भाइयों टीटू व बलवीर के स्लेटपोश मकान गिर गए। मकान के भीतर रखा सारा सामान मलबे में दब गया है। इससे लगभग तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। बारिश के इस मौसम में दोनों परिवार बेघर हो गए हैं। पंचायत उपप्रधान संजय कुमार ने प्रशासन से प्रभावितों को आर्थिक सहायता की मांग की। दोनों परिवार काफी गरीब हैं। दूसरी ओर कंज्याण पंचायत के ढो गांव में सुनील कुमार पुत्र मेहर सिंह की गोशाला जोरदार बारिश से गिर गई। मवेशियों को काफी मुश्किल से बचाया गया। पंचायत प्रधान पवन कुमार ने बताया कि गोशाला के गिरने से लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की। इसी तरह बारीं पंचायत के छत्रैल गांव में कृष्णी देवी की गोशाला भी बारिश की भेंट चढ़ गई।
कई अन्य स्थानों पर डंगों के गिरने के साथ ही रास्तों को नुकसान पहुंचा है। दरोगण गांव में पीसी चौहान के घर के पास सार्वजनिक रास्ता गिर गया। इससे लगभग पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
