टैक्स चोरी पर 1.65 लाख जुर्माना

चंबा। आबकारी एवं कराधान विभाग ने टैक्स चोरी कर सरकारी खजाने को चूना लगाने वालों पर शिकंजा कस दिया है। ऐसे लोगों की धरपकड़ के लिए विभाग की टीम ने रोड चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस दौरान जगह-जगह पर बाहर से आने वाले सामान की चेकिंग की जा रही है । बाहर से आ रहे सामान के पूरे कागजात न होने पर सीधे चालान काटे जा रहे हैं। हाल ही में टैक्स चोरी करने पर विभाग ने एक फर्म को एक लाख 65 हजार 835 रुपये का जुर्माना किया है। इसमें दो 407 गाड़ियां और दो टैक्सियां शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने कांगड़ा रोड पर सदवां के पास नाका लगा रखा था। इस दौरान रात के समय शिमला से दो 407 गाड़ियां आ रही थी। इसमें जिला चंबा आयुर्वेदिक आफिस के लिए फर्नीचर आ रहा था। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने इन गाड़ियों के चेकिंग की। चेकिंग के दौरान सामान का बिल नहीं दिखाया गया। इसके चलते विभाग ने गाड़ियों के मालिक को एक लाख 45 हजार 315 रुपये जुर्माना किया है। इसके अलावा एक अन्य मामले में 20 हजार रुपये जुर्माना किया गया है। आबकारी एवं कराधान आयुक्त शक्ति चंद पटेल ने बताया कि आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से बाहर से आने वाले सामान की रूटीन से चेकिंग की जा रही है। इस दौरान टैक्स चोरी करने वालों पर विभाग की कड़ी नगर है। चेकिंग के दौरान टैक्स चोरी का कोई मामला पाया जाता है तो तुरंत उसका चालान काटा जाएगा। उन्होंने एक फर्म को एक लाख 65 हजार रुपये जुर्माना करने की पुष्टि की है

Related posts