
चंबा(गीता)चुनावी ड्यूटी के दिन जिले के स्कूलों में शिक्षक व कर्मचारी नहीं आएंगे। ऐसे में उस दिन संबंधित स्कूल में अवकाश रहेगा। चुनावी रिहर्सल व अन्य चुनावी कार्य में शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों के चले जाने पर स्कूली बच्चों को उस दिन स्कूल नहीं आना पड़ेगा। उस दिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही स्कूल में अपनी हाजिरी देंगे। उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। ज्ञात रहे कि जिला चंबा के सैकड़ों स्कूलों में स्टाफ की कमी है। करीब 130 स्कूल तो ऐसे हैं, जहां एक ही टीचर पढ़ाता है और अधिकतर स्कूलों में स्टाफ नहीं है। ऐसे में चुनाव ड्यूटी के लिए टीचरों की तैनाती के चलते सैकड़ों स्कूल ऐसे हैं, जहां चुनाव रिहर्सल और मतदान के दिन बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई टीचर नहीं उपलब्ध रहेगा। जिले में 10 और 26 अप्रैल को चुनावी रिहर्सन का दिन तय किया गया है। इसके अलावा बीच में भी रिहर्सल हो सकती है। वहीं सात मई को मतदान होना है। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र में एक दिन पहले ही तैनात होना होता है। जो पोलिंग बूथ दुर्गम क्षेत्रों में हैं, वहां तो टीचर इससे भी पहले भेजे जाते हैं। ऐसे में इन स्कूलों में अवकाश रहेगा।
इससे पहले स्कूली स्टाफ के अवकाश पर रहने पर स्कूल बंद नहीं रहते थे और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को स्कूली बच्चों को संभालना पड़ता था। इससे काफी दिक्कतें पेश आती थीं। खासकर उन स्कूलों में काफी दिक्कत होती थी, जिनमें एक-एक ही शिक्षक तैनात हैं और उन शिक्षकों के चुनावी ड्यूटी पर जाने से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की परेशानी बढ़ जाती थी। शिक्षा विभाग ने शिक्षा निदेशालय को इस समस्या के बारे में अवगत करवाया था। शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिन स्कूलों का समस्त स्टाफ जिस दिन चुनावी ड्यूटी पर रहेगा, उस दिन स्कूली बच्चों की छुट्टी रहेगी।
इंसेट……
एक दिन पहले दी जाएगी अवकाश की सूचना
उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि जिस स्कूल का पूरा स्टाफ छुट्टी पर रहेगा, वहां पर अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक दिन पहले स्कूली बच्चों को सूचित किया जाए। उन्होंने माना कि समस्त स्टाफ के छुट्टी पर चले जाने से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को दिक्कतें पेश आती हैं। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल और 26 अप्रैल को चुनाव ड्यूटी की रिहर्सल प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि कितने स्कूलों में छुट्टी रहेगी, इसकी जानकारी नहीं है।
