ज्यूरी में पांच सौ छात्रों की सुरक्षा दांव पर

ज्यूरी (किन्नौर)। यहां की रावमापा ज्यूरी में शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब पांच सौ छात्रों की जान खतरे में है। कभी स्कूल के पिछली तरफ ऊपर से चट्टानों के आने का खतरा बना है तो कहीं स्कूल के आगे वाले भाग से भी दो स्थानों से ल्हासे गिरने के कारण स्कूल भवन को खतरा है। ऐसे में यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को भी जान का खतरा बना हुआ है। शनिवार को भी स्कूल के पीछे बन रही सड़क से चट्टानों के गिरने से स्कूल भवन बाल-बाल बचा। लेकिन इतना कुछ होने के बावजूद सरकारी तंत्र गहरी नींद में सो रहा है। स्कूल प्रधानाचार्य कहते हैं कि इसके बारे में उच्च अधिकारियों को बताया जाएगा। वहीं, लोनिवि के अधिकारी कहते हैं कि मौके पर जाकर ही कुछ कहा जा सकता है। ऐसे में लगता है कि शायद ये लोग किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं?
स्कूल भवन के सामने का भाग जहां खेल मैदान बना हुआ है, वह पहले भी बारिश के कारण टूट चुका है। वह अभी तक ठीक नहीं हो पा रहा है। वहीं अब स्कूल के पीछे भी ल्हासों और चट्टानों का गिरना शुरू हो चुका है। स्कूल के ऊपर से सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसके चलते वहां पानी की निकासी के लिए कोई पुख्ता प्रबंध न होने के कारण स्कूल भवन को खतरा बना है। स्कूल प्रधानाचार्य पूनम कपूर का कहना है कि इसके बारे में उच्च अधिकारियों को सूचना दी जाएगी। वहीं स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र कुमार ने सरकार से मांग की है कि स्कूल के सैकड़ों छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उधर, लोक निर्माण विभाग सराहन के सहायक अभियंता केएल सुमन का कहना है कि उन्हें अभी ल्हासे गिरने की जानकारी नहीं है। मौके पर जाने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Related posts