
चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में मिंजर मेले के दौरान चार अतिरिक्त चिकित्सक सेवाएं देंगे। मिंजर मेले के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फील्ड से चार चिकित्सकों की ड्यूटी जिला अस्पताल में लगाई है। जिला अस्पताल प्रबंधन ने मिंजर मेले के दौरान बेहतर सेवाएं देने के लिए कमर कस ली है। विभाग ने चौगान में आयोजित की जा रही खेल प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों को प्राथमिक उपचार देने के लिए एक चिकित्सीय टीम तैनात कर दी है। इससे खिलाड़ियों को मौके पर ही उपचार प्रदान किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने मिंजर मेले के दौरान हर स्थिति से निपटने के पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। अतिरिक्त चिकित्सकों के आने से पहले से सेवाएं दे रहे चिकित्सकों को थोड़ी राहत भी मिलेगी।
क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में सोमवार से चार अतिरिक्त चिकित्सक सेवाएं देंगे। मिंजर मेले के दौरान चौगान में भी चिकित्सकों की टीम सेवाएं देगी। इनकी सेवाएं मिंजर मेले के तक ही ली जाएंगी।
