
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकार फाइनल कर लिए गए हैं। मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में 28 जुलाई को स्थानीय कलाकार और मशहूर कव्वाल जावेद इरशाद रहमत कार्यक्रम पेश करेंगे। 29 जुलाई को स्थानीय कलाकार और चंबा के सारे गामा फेम राजीव थापा धमाल मचाएंगे। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकार और मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी 30 जुलाई को तीसरी सांस्कृतिक शाम को रंगीन बनाएंगे। 31 जुलाई को मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकार, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकार एवं इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। एक अगस्त को पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकार एवं प्रसिद्ध हिमाचली कलाकार ठाकुर दास राठी कार्यक्रम पेश करेंगे। छठी सांस्कृतिक संध्या में दो अगस्त को प्रख्यात हास्य कवि डा. सुनील जोगी लोगों को लोटपोट करेंगे। तीन अगस्त को सातवीं सांस्कृतिक संध्या में लोक प्रिय पार्श्व गायिका ममता शर्मा धमाल मचाएंगी। चार अगस्त को आठवीं संध्या में सुपसिद्ध पार्श्व गायक जावेद अली आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
फायर आफिसर की एनओसी पर लगेंगे पंडाल
उपायुक्त ने बताया कि मेले में आग से सुरक्षा के पुख्ता उपाय करने को कहा गया है। फायर आफिसर इनका निरीक्षण करने के बाद एनओसी जारी करेंगे। इसके बाद ही यहां व्यापारिक गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसी तरह चौगान तीन में लगाए गए झूलों की भी तकनीकी जांच रिपोर्ट के बाद इन्हें चलाने की इजाजत दी जाएगी। इस दौरान पंडालों में सीसीटीवी कैमरे पूरी नजर रखेंगे। शहर में भी पुलिस के कैमरों से नजर रखी जाएगी। चौगान में लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए मेडिकल टीम उपलब्ध रहेगी।
250 पुलिस कर्मी रखेंगे कानून व्यवस्था पर नजर
एएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि मेले के दौरान 250 पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। शहर के प्रवेशद्वारों हरदासपुरा, सुलतानपुर, टीवी वार्ड व पक्का टाला में पुलिस बैरियर लगाकर आने-जाने वालों की जांच की जाएगी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वाहनों को खड़ा करने के लिए पुलिस मैदान बारगाह में व्यवस्था की गई है।
